Tag Archives: बाढ़राहत

खीरी में बजाज फाउंडेशन की बड़ी पहल, 10 किलोमीटर लंबा नाला होगा साफ – 1191 किसान होंगे लाभान्वित

पलिया कलां, खीरी।
जमना लाल बजाज फाउंडेशन द्वारा पलिया स्थित बजाज चीनी मिल के माध्यम से नालों की सफाई का कार्य तेज़ी से किया जा रहा है। यह पहल उन किसानों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है, जिनकी भूमि हर साल बाढ़ के कारण बर्बाद हो जाती थी।

करीब 10 किलोमीटर लंबे नाले की सफाई पर लगभग 46 लाख रुपये का खर्च अनुमानित है। इस अभियान का सीधा लाभ 14 गांवों के 1191 किसानों को मिलेगा, जिनकी कुल 1547 हेक्टेयर कृषि भूमि बाढ़ की चपेट में आती थी। इनमें से करीब 1200 हेक्टेयर पर गन्ने की खेती होती है।

गांवों के नाम जिनका मिलेगा लाभ:

पलिया खुर्द, बेहननपुरवा, धोविन पुरवा, पट्टी पतवार, बड़ागांव, अंजीर बोझ, ऐठपुर, बघुवा सहित अन्य गांव इस कार्य से सीधे प्रभावित हैं।

यूनिट हेड ओ.पी. चौहानगन्ना महाप्रबंधक राजीव तोमर की निगरानी में यह कार्य पोकलैंड मशीनों के माध्यम से कराया जा रहा है। ग्राम प्रधानों की उपस्थिति में कार्य की पारदर्शिता बनाए रखी जा रही है।

पूर्व में भी रहे हैं सफल प्रयास:

  • 2023: रमैया नाले की सफाई से 14 गांवों के 2202 किसानों की 1920 हेक्टेयर भूमि को बाढ़ से बचाया गया। कुल लागत: 167 करोड़ रुपये
  • 2024: मरौचा नाले की सफाई से 3029 किसानों की 2025 हेक्टेयर भूमि को राहत मिली। कुल लागत: 51 लाख रुपये

इस वर्ष का अभियान इन सफल प्रयासों की अगली कड़ी है।

स्थानीय किसानों में उत्साह

सफाई कार्य की शुरुआत होते ही किसानों में हर्ष है। किसान मानते हैं कि नालों की नियमित सफाई से गन्ना, मक्का, धान और गेहूं की फसलें बाढ़ से सुरक्षित रहेंगी और उन्हें हर साल होने वाले लाखों के नुकसान से राहत मिलेगी।

यूनिट हेड ओ.पी. चौहान ने कहा, “ग्रामीणों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए कंपनी ने यह निर्णय लिया है। इससे किसानों की आजीविका को स्थायित्व मिलेगा।”


खास जानकारी:
पलिया क्षेत्र के कई ग्रामों में श्री गंगा इंफ्रासिटी जैसे निजी कंपनियों से जुड़े विवादों के बीच बजाज फाउंडेशन का यह कार्य ग्रामीणों के लिए सकारात्मक उदाहरण प्रस्तुत करता है।