चंपावत में हाई-टेक विज्ञान केंद्र का निर्माण — जिलाधिकारी ने गुणवत्ता और समयबद्धता के निर्देश दिए

राजकुमार केसरवानी
चंपावत

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के “आदर्श चंपावत” संकल्प को साकार करने की दिशा में जिले में तेजी से विकास कार्य चल रहे हैं। इसी कड़ी में गुरुवार को जिलाधिकारी मनीष कुमार ने चंपावत में बन रहे आधुनिक विज्ञान केंद्र का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन भवनों, वैज्ञानिक गैलरियों और प्रशिक्षण सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता, सुरक्षा और समयसीमा का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने चार मंजिला विज्ञान कैंप सुविधा केंद्र का अवलोकन किया, जिसमें 40 बच्चों के लिए छात्रावास और स्टाफ क्वार्टर बनाए जाएंगे। इसके अलावा, कॉमन फैसिलिटी ब्लॉक में टिकट काउंटर और स्मारिका दुकान की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई।

ऑडिटोरियम ब्लॉक में स्टाफ कक्ष, सम्मेलन हॉल और विकास हॉल के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली गई। वहीं, दो मंजिला विज्ञान गैलरी ब्लॉक में “फन साइंस गैलरी”, अस्थायी प्रदर्शनी कक्ष, कृषि गैलरी, प्रशिक्षण हॉल और खगोल विज्ञान गैलरी जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं।

जिलाधिकारी ने प्लैनेटोरियम और एस्ट्रोनॉमी गैलरी का भी निरीक्षण किया, जहां खगोलीय विषयों पर फिल्में और प्रस्तुतियां दिखाई जाएंगी। उन्होंने पार्किंग, पैदल मार्ग और संपर्क सड़कों के निर्माण की भी समीक्षा की। साथ ही, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता जांचने, सरिया की मजबूती सुनिश्चित करने और श्रमिकों के लिए सुरक्षा उपकरणों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए कहा कि अनावश्यक पेड़ों की कटाई न हो और यदि कटाई जरूरी हो तो उसकी भरपाई पौधारोपण से की जाए। उनका कहना था कि यह विज्ञान केंद्र चंपावत के छात्रों, शोधकर्ताओं और विज्ञान प्रेमियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा तथा जिले को शैक्षिक और वैज्ञानिक क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगा।

इस अवसर पर जिला विकास अधिकारी दिनेश सिंह दिगारी, ईई लोनिवि एम.सी. पलड़िया सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *